देश में टीकाकरण का आंकड़ा 100 करोड़ के पार, WHO प्रमुख ने PM मोदी और स्वास्थ्यकर्मियों को दी बधाई

Summary :

कोरोना महामारी के खिलाफ जारी जंग में भारत ने गुरुवार को एक बड़ा इतिहास रच दिया है। भारत में टीकाकरण का आंकड़ा गुरुवार को 100 करोड़ को पार कर गया।

कोरोना महामारी के खिलाफ जारी जंग में भारत ने गुरुवार को एक बड़ा इतिहास रच दिया है। भारत में टीकाकरण का आंकड़ा गुरुवार को 100 करोड़ को पार कर गया। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक तेद्रोस अधानोम गेब्रेयेसस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों और भारत के नागरिकों को कोविड रोधी टीकों के समतामूलक वितरण के लिए बधाई दी।
इस पड़ाव तक पहुंचने में भारत को 279 दिन का वक्त लगा
कोविड-19 रोधी टीकों की 100 करोड़ खुराक दिए जाने के पड़ाव तक पहुंचने में भारत को 279 दिन का वक्त लगा। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वैज्ञानिक, स्वास्थ्यकर्मी और भारत के लोगों को कोविड-19 से संवेदनशील आबादी की रक्षा करने और टीकों के समतामूलक वितरण के लक्ष्यों को प्राप्त करने के प्रयासों के लिए बधाई।’’

टीकाकरण संबंधी इस उपलब्धि को हासिल करने पर देश को बधाई देते हुए डब्ल्यूएचओ में दक्षिण-पूर्वी एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉ पूनम खेत्रपाल सिंह नेकहा, ‘‘कोविड-19 रोधी टीकों की एक अरब खुराक लगाए जाने पर भारत को बहुत बहुत बधाई। इतने कम समय में असाधारण लक्ष्य प्राप्त करना मजबूत नेतृत्व, स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे पर तैनात कार्यबलों और जनता के समर्पित प्रयासों के बगैर संभव नहीं था।’’ आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक भारत की सभी पात्र वयस्क आबादी में से 75 फीसदी से अधिक को टीके की कम से कम एक खुराक और करीब 31 फीसदी आबादी को दोनों खुराक मिल चुकी है।

Desk Team