उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के 125 उम्मीदवार आठवीं कक्षा तक पढ़े, 15 ने खुद को बताया निरक्षर

Summary :

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के उम्मीदवारों में से 125 आठवीं कक्षा तक पढ़े हैं, जबकि 15 ने खुद को ‘‘निरक्षर’’ बताया है। चुनाव सुधार की पैरोकारी करने वाले संगठन एडीआर ने यह जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के उम्मीदवारों में से 125 आठवीं कक्षा तक पढ़े हैं, जबकि 15 ने खुद को ‘‘निरक्षर’’ बताया है। चुनाव सुधार की पैरोकारी करने वाले संगठन एडीआर ने यह जानकारी दी।
इन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव 10 फरवरी को
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने यह भी कहा कि चुनाव में 70 से अधिक उम्मीदवारों की आयु 60 वर्ष से अधिक है। एडीआर कहा कि उसने उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में 58 विधानसभा सीटों से राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के 615 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया है। पहले चरण के तहत इन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव 10 फरवरी को होने हैं।
12 उम्मीदवारों ने अपनी शिक्षा का विवरण नहीं दिया 
एडीआर के आंकड़ों के अनुसार, 15 उम्मीदवार ‘निरक्षर’ हैं, 38 ‘साक्षर’ हैं, 10 उम्मीदवार पांचवी कक्षा तक पढ़ाई की है, 62 कक्षा 8 तक पढ़े हैं, 65 ने कक्षा 10 और 102 ने कक्षा 12 तक पढ़ाई की है। एडीआर ने कहा कि 100 ‘स्नातक’ उम्मीदवार हैं, 78 ‘स्नातक पेशेवर’, 108 ‘स्नातकोत्तर’, 18 ‘डॉक्टरेट’ और सात ‘डिप्लोमा’ धारक हैं, जबकि 12 ने अपनी शिक्षा का विवरण नहीं दिया है।
चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे
इसमें कहा गया है कि 239 उम्मीदवारों (39 प्रतिशत) ने अपनी शैक्षणिक योग्यता कक्षा पांच और 12वीं के बीच घोषित की है, जबकि 304 उम्मीदवारों (49 प्रतिशत) ने स्नातक या उससे ऊपर की शैक्षणिक योग्यता घोषित की है। आयु के संदर्भ में, 214 उम्मीदवारों (35 प्रतिशत) ने अपनी आयु 25 से 40 वर्ष के बीच घोषित की है और 328 उम्मीदवारों (53 प्रतिशत) ने इसे 41 से 60 वर्ष के बीच बताया है। इसमें कहा गया है कि 73 उम्मीदवारों (12 प्रतिशत) ने अपनी आयु 61 से 80 वर्ष के बीच बताई है।
पहले चरण में 58 विधानसभा क्षेत्रों में आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, गौतम बौद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में मतदान होने वाला है। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।

Desk Team