दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी अब अन्य राज्यों में अपनी पैठ बनाने में जुटी हुई है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है।
मीडिया से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह और प्रवक्ता दिलीप पांडेय ने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि आप पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष से लेकर ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान से लेकर ग्राम पंचायत सदस्य तक सभी सीटों पर आप समर्थित उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम बढ़वाने का कार्यक्रम तय किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अब तक 345 विधानसभा क्षेत्रों में 25-25 सदस्यीय कमेटियों का गठन कर चुकी है। बाकी 58 विधानसभा कमेटी का गठन भी जल्द कर लिया जाएगा। इसके लिए पंचायत चुनाव के लिये सभी जिला इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी प्रत्यक्ष चुनावी प्रणाली यानी सीधे जनता से कराने की मांग की और कहा कि राज्य की जनता जातिगत राजनीति से तंग आ चुकी है। प्रदेश में 150 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यालय खोले जा चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



