Akhilesh Yadav ने किया DMK का समर्थन परिसीमन के मुद्दे पर बोले- मैं आपके साथ हूं

Summary :

परिसीमन मुद्दे पर अखिलेश यादव ने DMK को दिया समर्थन

डीएमके के परिसीमन विरोध प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी का समर्थन मिला है। अखिलेश यादव ने कहा कि वे तमिलनाडु के लोगों के साथ हैं और भाजपा पर आरोप लगाया कि वे परिसीमन में धांधली कर सकते हैं। डीएमके सांसदों ने निष्पक्ष परिसीमन की मांग करते हुए संसद में प्रदर्शन किया। अखिलेश ने वाराणसी मामले पर भी पुलिस की निष्क्रियता की आलोचना की।

देश में अगले साल परिसीमन होने वाला है, लेकिन इससे पहले इस मुद्दे पर जमकर सियासत हो रही है। तमिलनाडु सरकार इस पर केंद्र सरकार को घेर रही है। इसी कड़ी में आज डीएमके के सांसदों ने संसद भवन परिसर में ‘परिसीमन’ लिखी टी-शर्ट पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। डीएमके के विरोध को अब समाजवादी पार्टी का साथ मिल गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद डीएमके के समर्थन में आ गए हैं।

मैं तमिलनाडु के साथ हूं- अखिलेश

सपा प्रमुख ने कहा मैं तमिलनाडु के लोगों के साथ हूं, क्योंकि भाजपा पता नहीं कैसा परिसीमन कर दे। ये लोग विधानसभा चुनाव कैसे लड़ते हैं, जाति के आधार पर नियुक्ति करते हैं। यह पहली बार है जब अखिलेश यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर खुलकर डीएमके का समर्थन किया है।

डीएमके सांसदों का प्रदर्शन

डीएमके सांसद टी शिवा संसद में एक टी-शर्ट पहनकर पहुंचे, जिस पर लिखा था, ” निष्पक्ष परिसीमन, तमिलनाडु लड़ेगा, तमिलनाडु जीतेगा।” उन्होंने कहा, तमिलनाडु निष्पक्ष परिसीमन पर जोर दे रहा है। इससे करीब 7 राज्यों पर असर पड़ेगा, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इसलिए हम निष्पक्ष परिसीमन की मांग को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।  

वाराणसी मामले पर क्या बोले अखिलेश

वाराणसी से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, मुझे जानकारी मिली है कि अयोध्या की एक महिला वाराणसी अपने भाई के घर आना चाहती थी। घर के लिए जब  उसने ऑटो किया तब उस महिला के साथ जो हुआ, पुलिस उसे छिपा रही है। उन्होंने आगे कहा उस महिला के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गई। उस महिला ने पुलिस को जानकारी दी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। क्या यही सरकार का जीरो टॉलरेंस है। 

DMK का परिसीमन मुद्दे पर संसद के बाहर जोरदार प्रदर्शन

Neha Singh