रमजान के इस पवित्र महीने में इफ्तार पार्टी को लेकर राजनीतिक जगत में काफी हलचल बढ़ गई है, बिहार से चलते हुए अब यह सिलसिला उत्तर प्रदेश तक आ पहुंचा है। लगभग हर दल अब इफ्तार पार्टी को आयोजित कर रहे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अखिलेश यादव पार्टी की मेजबानी करने से बच रहे हैं। वहीं बीते दिन अवध क्लार्क होटल में आयोजित इफ्तार पार्टी में अखिलेश यादव पहुंचे थे जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि हम आजम खान के साथ हैं, स्पीकर का मुद्दा पहले भी रहा है। अब क्यों मुद्दों को भटकाना चाहते हैं।
अखिलेश ने आजम के लिए कही यह बात
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर एक बड़ा मुद्दा है, सरकार कानून व्यवस्था को सुधारने पर ध्यान दे। उन्होंने कहा, राज्य में लगातार हत्या हो रही हैं और अपराधी बेलगाम हो रहे हैं। बताते चलें कि अखिलेश यादव का आजम खान को लेकर यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि हालही में शिवपाल यादव ने अखिलेश को आजम की रिहाई न होने का जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद आजम खान ने सपा के एक नेता से जेल में मुलाकात करने से इंकार कर दिया था जबकि कांग्रेस के नेता से वार्तालाप की थी। इस पुरे घटनाक्रम को अखिलेश के लिए एक संदेश के रूप में देखा जा रहा था।

आजम को लेकर सपा ने नहीं की पूरी कोशिश :शिवपाल
शिवपाल यादव ने कहा था कि सपा को आजम खान के साथ हो रहे अन्याय का मुद्दा तमाम फोरम पर उठाना चाहिए था। उन्होंने कहा था कि अब उनके खिलाफ सिर्फ एक मुकदमा बचा है, जिसकी सुनवाई हो चुकी है, उम्मीद है वह जल्दी ही जेल से बाहर आएंगे। प्रसपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम आजम भाई के साथ हैं। यह सत्य है कि आजम खान के मामले में सपा ने पुरजोर कोशिश नहीं की। यह स्थिति समाजवादियों के लिये दुर्भाज्ञपूर्ण है।’’ उन्होंने कहा, आगे क्या होगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा, मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हम सब समाजवादी विचारधारा के लोग आजम खान के साथ हैं।
2 साल से जेल में बंद हैं आजम
गौरतलब है कि लगभग 80 आपराधिक मामलों में न्यायिक जांच का सामना कर रहे आजम खान पिछले दो साल से जेल में बंद है। शिवपाल ने कहा कि नेता जी मुलायम सिंह यादव के माध्यम से सभी सपा सांसद अगर इस मुद्दे को संसद में उठायेंगे तो निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर संज्ञान अवश्य लेगें वैसे भी प्रधानमंत्री मोदी, नेताजी का बहुत सम्मन करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



