गुजरात पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिन्दू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की सनसनीखेज हत्या के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए इस प्रकरण के तीन प्रमुख षडयंत्रकर्ताओं को आज सूरत से गिरफ्तार कर लिया जबकि दो हत्यारों को भी जल्द ही पकड़ जाने की संभावना है।
मुस्लिम समुदाय तथा इसके पैगंबर मोहम्मद के बारे में विवादास्पद टिप्पणी के चलते पहली बार 2015 में सुर्खियों में आये तिवारी (45) की कल लखनऊ के खुर्शीदबाग स्थित उनके कार्यालय में बेरहमी से दो अज्ञात लोगों ने गला रेत कर और गोली मार कर हत्या कर दी थी।
हिन्दू समाज पार्टी के नेता की दिनदहाड़े हत्या : SIT करेगी जांच
गुजरात एटीएस के एसपी हिमांशु शुक्ला और डीएसपी के के पटेल ने बताया कि इस मामले के तीन प्रमुख षडयंत्रकर्ताओं राशिद पठान (30), मौलवी मोहसिन शेख (28) तथा फैजान मेंबर (24), जो तीनों सूरत के लिंबायत इलाके की एक ही सोसायटी के निवासी हैं, को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके दो अन्य साथियों जिन्होंने हत्या को अंजाम दिया है, की भी पहचान हो गयी है और उनकी जल्द ही धरपकड़ की जा सकती है।
इन लोगों ने वर्ष 2015 में ही कमलेश की हत्या की योजना बनायी थी पर तब ऐसा नहीं हो सका। राशिद बाद में दुबई चला गया और दो साल रह कर लौटा। इन लोगों ने हाल में फिर से यह योजना बनायी और दोनो हत्यारे गत 16 अक्टूबर को सूरत से लखनऊ रवाना हुए थे।
पटेल ने बताया कि मौका-ए-वारदात से मिले मिठाई के एक डिब्बे जिसे हत्यारे सूरत के उधना की एक दुकान से खरीद कर ले गये थे, और मृतक तिवारी के फोन से मिले सुराग के आधार पर इस मामले को सुलझाया गया है। पकड़े गये षडयंत्रकर्ताओं को जल्द ही आगे की कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



