बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एम्बुलेंस सवार 5 लोगों की मौत, पिकअप से टकराई गाड़ी

Summary :

हादसे में एम्बुलेंस में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एम्बुलेंस में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

खड़ी पिकअप से पीछे से टकराई एम्बुलेंस

Barabanki Expressway Accident
Barabanki Expressway Accident(social media)

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एम्बुलेंस लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 53वें किलोमीटर पर सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से एम्बुलेंस पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, पिकअप में मौजूद लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

एम्बुलेंस में मौजूद थे शव

पुलिस के मुताबिक, एम्बुलेंस में पश्चिम बंगाल के कूच बिहार निवासी अजीजुल हक का शव रखा हुआ था। उनके परिजन और रिश्तेदार शव को जयपुर से पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

हादसे में अजीजुल हक के 40 वर्षीय भाई अमिनूर हक की भी मौत हो गई। इसके अलावा उनके दो रिश्तेदारों की जान चली गई। मृतकों में 50 वर्षीय रूपिक और राजस्थान के 62 वर्षीय मकबूल खान भी शामिल हैं।

दोनों एम्बुलेंस चालकों की भी मौत

पुलिस ने बताया कि हादसे में एम्बुलेंस चला रहे दोनों ड्राइवरों की भी मौत हो गई। उनकी पहचान राजस्थान निवासी 33 वर्षीय हरिओम और आलम के रूप में हुई है। इस हादसे में कुल पांच लोगों की जान गई है।

ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है। इसी वजह से एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

Team Desk