उत्तराखंड/हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी जिले के गौलापार-चोरगलिया मार्ग पर लिंक रोड का निर्माण लंबे समय से रुका हुआ है। करीब दो साल बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसके अलावा पुलिस चेक पोस्ट के पास रास्ता बंद होने से भी ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं को लेकर शनिवार को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने गौला पुल पर प्रदर्शन किया।
जिला पंचायत सदस्य लीला बिष्ट और अर्जुन बिष्ट के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम हल्द्वानी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि लिंक मार्ग का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए और पुलिस चेक पोस्ट के पास बंद रास्ते को भी खोला जाए।इस दौरान अर्जुन बिष्ट ने कहा कि लिंक मार्ग का काम करीब दो साल से अटका हुआ है। ग्रामीण कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
रास्ता बंद होने से जाम और हादसों की समस्या

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस चेक पोस्ट के पास एक तरफ का रास्ता बंद होने से वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। इस वजह से आए दिन जाम लगता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द दोनों समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
मांग पूरी नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन

जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ और बंद रास्ता नहीं खोला गया तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
वहीं, एसडीएम हल्द्वानी मोनिका आर्या ने कहा कि बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान गौलापार क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: नन्हीं परी कशिश को न्याय की मांग के लिए जनता में उबाल, सड़कों पर उतरे लोग


Download Android App
Download iOS App




