उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र के विमोचन का कार्यक्रम रविवार को ‘भारत रत्न’ गायिका लता मंगेशकर के निधन के कारण स्थगित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि लता मंगेशकर के निधन के कारण पार्टी के लोक कल्याण संकल्प पत्र का विमोचन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। यह कार्यक्रम सुबह सवा दस बजे होना था।
BJP ने स्थगित किया संकल्प पत्र के विमोचन का कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र के विमोचन कार्यक्रम की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे, जिन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के लोक कल्याण संकल्प पत्र का विमोचन करना था। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित थे। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
आज सुबह लता दीदी ने दुनिया को कहा अलविदा
बता दें कि रविवार को यानी आज सुबह देश की मशहूर गायिका और स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन का समाचार सुनते ही पूरा देश शोकाकुल हो गया। लता दीदी के निधन पर केंद्र सरकार ने 2 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। लता मंगेशकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति समेत राजनीतिक हस्तियों से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।