उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खानपुर थाना क्षेत्र के गांव माजरा में एक मंदबुद्धि युवक ने सोमवार सुबह खेत पर जाते समय सात किसानों पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में दो लोगों की मौत और पांच गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज़ जारी है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी बलवीर उर्फ बल्ला सोमवार सुबह करीब 9 बजे फावड़ा लेकर अपने घर से निकला और अपने पड़ोसी नत्थी ( 65 वर्ष) पुत्र हरिचंद पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद विमला (40 वर्ष) पत्नी प्रेमपाल की भी हत्या कर दी।
वहीं रविंद्र (35 वर्ष) पुत्र नंदू पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बलवीर ने गांव के ही पुष्पेंद्र, नौरंग, तेजपाल पर भी कातिलाना हमला किया है। गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए।
कपड़ों पर खून से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस का दावा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। लेकिन पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। भागते समय उसके कपड़े पर खून के छींट देखकर पुलिस ने उसकी पहचान की थी। पुलिस की कई टीमें गांव में तैनात है।


Download Android App
Download iOS App



