उत्तरप्रदेश के हाथरस से एक चिंता में डाल देने वाली खबर सामने आई है। हाथरस जिले के एक सरकारी स्कूल में कक्षा दो के छात्र को क्लास रूम में बंद कर दिया था। जिसको लेकर मुद्दा गर्म हो गाया और विभाग ने सख्त रूख अपनाते हुए, प्रधानाध्यापक समेत 10 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
शोर सुनकर देखने आए लोग
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि नगला इलाके में स्थित एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में बुधवार को प्रेम प्रकाश (6) नामक कक्षा दो का छात्र एक क्लास रूम में बंद हो गया था। सूत्रों ने आगे बताया कि छात्र कक्षा में सो गया था और शिक्षक तथा अन्य कर्मियों ने कथित रूप से उस पर ध्यान नहीं दिया और कमरा बंद करके स्कूल से चले गए। शाम करीब पांच बजे जब बच्चा नींद से जागा तो उसने रोना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आस-पड़ोस के घरों के लोग बाहर आए और स्कूल पहुंच कर कमरे में झांका तो वहां बच्चा रोता हुआ दिखा।
कक्षा का खुलवाया गया ताला
सूत्रों ने बताया कि उसी समय छात्र का पिता दुर्गेश कुमार भी स्कूल पहुंच गया और स्थानीय लोगों की मदद से कक्षा का ताला खुलवाकर बच्चों को बाहर निकाला गया। इस घटना को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप सिंह ने खंड विकास अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह को मामले की जांच के आदेश दिए। संदीप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक, शिक्षामित्रों तथा अनुदेशकों समेत 10 शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया है। अनुदेशक तथा तीन शिक्षामित्रों का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



