केंद्र में सत्तारूढ राजग की घटक दल- लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने हाल ही में संसद में सपा सांसद आजम खान द्वारा भाजपा नेता रमा देवी के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी के बारे में शनिवार को यहां कहा कि आजम खान की जितनी निंदा की जाए कम है।
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान ने कहा, “हमने अपनी पार्टी की तरफ से मांग की है कि आजम खान के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जिस तरह से अमर्यादित भाषा का उन्होंने (आजम खान) इस्तेमाल किया है, मुझे उम्मीद है कि लोकसभा अध्यक्ष उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे।” चिराग अपने भाई प्रिंस राज के साथ अपने चाचा और समस्तीपुर के हाल ही में दिवंगत सांसद रामचंद्र पासवान की अस्थियां यहां संगम में विसर्जित करने आये थे।
शनिवार दोपहर को यहां संगम घाट पर अस्थि कलश विसर्जन के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मणिशंकर पांडेय, वाराणसी के महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रयागराज के जिलाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव और बड़ी संख्या में पार्टी के नेता मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि गत 21 जुलाई को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रामचंद्र पासवान का निधन हो गया था। इससे एक सप्ताह पहले दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रामचंद्र पासवान, रामविलास पासवान के सबसे छोटे भाई थे।


Download Android App
Download iOS App



