उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। वायरस से जंग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर से मैदान में उतर गए है। कोविड पर नियमित समीक्षा करने के साथ ही गुरुवार रात से 9 शहरों में नाइट कर्फ्यू के बाद अब योगी जमीनी हकीकत परखेंगे। शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब प्रयागराज तथा वाराणसी का रूख करेंगे। उनका यह कार्यक्रम गुरुवार की रात अचानक ही बना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के सर्वाधिक प्रभावित 4 शहरों में आज से कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते कारण और वैक्सीनेशन की समीक्षा करेंगे। वह प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ तथा कानपुर में समीक्षा करने के साथ ही अधिकारियों को मोर्चे पर बेहद मुस्तैदी से लगने का निर्देश भी देंगे।
योगी आज प्रयागराज पहुंचेंगे वह शुक्रवार को राजकीय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन आएंगे। परेड मैदान में ट्रिपल आइटी सभागार में कोरोना से बचाव के लिए हुए इंतजामों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह स्वरूप रानी अस्पताल जाएंगे। वहां पर 2 बजे से करीब आधा घंटा तक कोविड-19 वार्ड का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद दोपहर राजकीय हेलीकॉप्टर से वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के मंत्रियों को भी 4-4 जिलों का दौरा करने का निर्देश दिया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा व सहारनपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के उपायों की समीक्षा करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह को कानपुर, झांसी आगरा व बरेली में इंतजामों को परखने का काम दिया गया है।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश में कोरोना से हालत बिगड़ते जा रहे हैं। शहरों नाइट कर्फ्यू की व्यवस्था लागू होने के बावजूद भी राज्य में नए संक्रमित केस आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड संख्या में 8,490 नए संक्रमित सामने आने के लखनऊ में 2,369 नए संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में अब तक कुल 3,61,47,340 सैम्पल की जांच की गई है। वहीं पिछले 24 घंटे 8,490 नये मामले आये हैं और इनमें से 50 प्रतिशत से अधिक केस लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर नगर से आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



