उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में जबर्दस्त उछाल आया और कोविड-19 के 18,021 नए मामले सामने आए जबकि संक्रमण से और 85 मरीजों की मौत हो गई। अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 18,021 नए मामले सामने आए हैं जबकि संक्रमण से और 85 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक संक्रमण से 9,309 लोगों की मौत हुई है।
प्रसाद के मुताबिक राज्य में अब तक कुल 7,23,582 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और फिलहाल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 95,980 है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 3,474 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। अब तक उपचार के बाद 6,18,293 संक्रमित स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। राज्य में इससे पहले 11 अप्रैल को एक दिन में कोविड-19 संक्रमण के सर्वाधिक 15,353 मामले दर्ज किये गये थे जबकि 12 अप्रैल को एक दिन में सर्वाधिक 72 संक्रमितों की मौत की सूचना थी।
प्रसाद ने बताया कि राज्य में अब तक 93 लाख से ज्यादा कोविड-19 टीका की खुराक दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सोमवार को 2.18 लाख नमूनों का परीक्षण किया गया जबकि अब तक 3.71 करोड़ से अधिक परीक्षण किए जा चुके हैं। प्रसाद ने कहा कि नमूनों के परीक्षण के लिए राज्य में 12 नई आरटी-पीसीआर प्रयोगशाला खोली जा रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



