देशभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वायरस की रोकथाम के लिए सरकार ने देश में लॉकडाउन घोषित कर रखा है। इस बीच, लॉकडाउन के आदेश की अनदेखी करने वाले 3,01,005 वाहन चालकों का उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज चालान किया गया है।
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) ज्योति नारायण ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक एच.सी अवस्थी ने लॉकडाउन के सिलसिले में दिए गये आदेश के क्रम में लगाये गये 5319 बैरियर एंव नाकों पर 1335147 वाहन चेक किये गये। उन्होंने बताया कि गैर जरुरी वाहन लाने वाले 301005 लोगों का चालान किया।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में 19579 वाहनों को सीज किया गया। आदेश की अनदेखी करने के कारण वाहन चालकों से 5,61,52,729 रुपया शमन शुल्क के रुप में वसूला गया। उन्होंने बताया कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले 12236 लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत मामले दर्ज किए गये हैं। इनके अलावा ई सी एक्ट के तहत 311 मामले दर्ज कराये गये। गौरतलब है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के बचाव के लिए लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के बाद भी उसका उल्लंघन करने वालों की संख्या आये दिन बढ़ रही है।
बताते चले कि देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या, 5,865 तक पहुंच गई है, जबकि 169 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अबतक कुल 478 लोग ठीक भी हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



