देश में एक बार फिर कोरोना ने बढ़ाई टेंशन, नोएडा मे लागू हुई धारा-163

Summary :

बढ़ते कोरोना मामलों के बीच नोएडा मे लागू हुई धारा-163

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नोएडा में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-163 लागू कर दी है. यह प्रतिबंध 7 जून से 9 जून तक प्रभावी रहेगा. इस अवधि में बिना अनुमति के पांच या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी.

COVID-19: देश में एक बार फिर कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार बढ़ने लगी है, जिससे चिंता का माहौल बन गया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा में नए मामलों की संख्या में इज़ाफा देखा जा रहा है. नोएडा में बीते 24 घंटे के भीतर 32 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 190 हो गई है. एक संक्रमित बच्ची की मृत्यु भी हो चुकी है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नोएडा में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-163 लागू कर दी है. यह प्रतिबंध 7 जून से 9 जून तक प्रभावी रहेगा. इस अवधि में बिना अनुमति के पांच या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी. साथ ही किसी भी प्रकार के धरने, प्रदर्शन या जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी.

सक्रिय मामलों की संख्या 5 हजार पार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में इस समय 5,364 सक्रिय मामले हैं. बीते 24 घंटे में चार लोगों की मृत्यु भी हुई है. सबसे अधिक मामले केरल से सामने आ रहे हैं, इसके बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल, और फिर दिल्ली का स्थान है. अधिकांश संक्रमितों का इलाज घर पर ही किया जा रहा है. इस साल की शुरुआत से अब तक देश में कोरोना से 55 मौतें हो चुकी हैं.

स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों के लिए मॉक ड्रिल

संभावित संक्रमण की लहर को देखते हुए सभी राज्यों को कोविड से संबंधित स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके तहत मॉक ड्रिल की जा रही है जिसमें ऑक्सीजन सप्लाई, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है.

covid-19

नोएडा में मरीजों की संख्या

नोएडा के एसीएमओ डॉ. टीकम सिंह के अनुसार, अब तक जिले में कुल 190 मरीज हो चुके हैं, जिनमें 79 पुरुष और 111 महिलाएं हैं. इस समय तीन मरीज अस्पताल में भर्ती हैं. कोरोना से इस साल की पहली मृत्यु साढ़े तीन महीने की बच्ची की हुई है, जिसका इलाज दिल्ली के चाचा नेहरू अस्पताल में चल रहा था.

गाजियाबाद: फर्जी दस्तावेज के जरिए जेल से छुड़ाते थे अपराधी, 7 सदस्यों का गिरोह गिरफ्तार

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मास्क पहनें, सामाजिक दूरी बनाए रखें, और बार-बार हाथ धोने जैसी जरूरी सावधानियां अपनाएं. विभाग ने कोविड जांच और टीकाकरण को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए हैं. अब प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी कोरोना जांच की व्यवस्था की जा रही है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।