Baghpat : किसानों की शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल एक्शन मोड में नजर आए। रमाला क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन की ओर से किसान दिवस पर उठाए गए मुद्दों का जायजा लेने डीएम दिव्यांशु पटेल और एसपी पूर्णेन्दु सिंह खुद मौके पर पहुंच गए। यहां सड़क, पुल निर्माण, अवैध कब्जे और बिजली विभाग की कथित अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। अवैध निर्माण और अतिक्रमण की स्थिति देखकर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
दरअसल, प्रत्येक माह की 18 तारीख को जिला मुख्यालय पर किसान दिवस आयोजित किया जाता है। 18 नवंबर को हुई बैठक में किसानों ने किशनपुर बराल-पुसार मार्ग पर बिजवाड़ा रजवाहे के नीचे गंदे पानी की निकासी के लिए पुल निर्माण में देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। किसानों ने बताया कि करीब तीन महीने से निर्माण कार्य चलने के कारण पानी की निकासी बाधित है। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। जलभराव के चलते करीब 50 बीघा फसल बर्बाद हो चुकी है। किसानों ने नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की।
रजवाहे के किनारे अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर उठे सवाल
किसानों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर रजवाहे के किनारे भूमाफिया द्वारा कथित अवैध निर्माण और पेट्रोल पंप संचालक द्वारा सड़क पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत भी की। इसके अलावा बिजवाड़ा नहर की पटरी पर बिजली विभाग की विद्युत लाइन और किशनपुर बराल फीडर से बराल खेत तक डाली गई लाइन को भी अवैध बताते हुए जांच की मांग की गई।
रजवाहे की खुदाई पर भी किसानों में नाराजगी
किसानों ने रजवाहे की खुदाई का कार्य मानकों के अनुरूप और संतोषजनक नहीं होने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम और एसपी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली और अवैध निर्माण, अतिक्रमण सहित अन्य शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेता उपेंद्र तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जुल्फिकार उर्फ जुल्ला प्रधान, पुष्पेंद्र सिंह, प्रमोद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें – सीतापुर: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, तमंचा व नकदी बरामद


Download Android App
Download iOS App




