काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने बनाया नया रिकॉर्ड, 1.5 करोड़ भक्तों ने किए दर्शन

Summary :

काशी विश्वनाथ मंदिर में 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया दर्शन, बनाया नया रिकॉर्ड

संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के कारण वाराणसी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। महाकुंभ शुरू होने से 11 फरवरी तक लगभग 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ के दर्शन किए हैं।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि महाकुंभ की वजह से वाराणसी में भी अभूतपूर्व संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। जनवरी में ही एक करोड़ आठ लाख श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए हैं। इस महीने में 12 फरवरी तक करीब 68 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 11 जनवरी से 11 फरवरी तक के आंकड़ों की बात करें तो अब तक एक करोड़ 40 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। हमारा अनुमान है कि महाशिवरात्रि तक यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में और भी इजाफा होगा।

विश्व भूषण मिश्र ने कहा, “श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर कमेटी की तरफ से पुख्ता तैयारियां की गई है। चार जगह पर हमारी मेडिकल टीम तैनात है, इसके अलावा जगह-जगह पर पानी के काउंटर बनाए गए हैं और साफ-सफाई के लिए भी पूरी व्यवस्था है। बच्चों को लेकर आ रहीं महिलाओं के लिए जल्द ही दर्शन करने की व्यवस्था का भी इंतजाम किया गया है।”

प्रयागराज में महाकुंभ शुरू होने के साथ ही धार्मिक नगरी काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। इसको देखते हुए प्रशासन द्वारा तमाम व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने के बावजूद दर्शनार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। 2 से 4 घंटे तक श्रद्धालुओं को लाइन में खड़े होना पड़ रहा है। लेक‍िन, बाबा के दर्शन होने के बाद उनके चेहरे पर अलग ही उत्साह दिखाई दे रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.