मथुरा में सुरक्षा-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर मंथन

Summary :

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर मथुरा में विस्तृत मंथन

उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने तथा भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने पर मंथन किया गया। डीआईजी शैलेश पांडे ने बताया कि पुलिस लाइन में शुक्रवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें नए विषयों के साथ पिछली बैठकों के एजेंडे पर भी चर्चा की गई। सभी जिम्मेदार लोगों ने बैठक में भाग लिया। यहां जो श्रद्धालु आते हैं, वे अच्छा अनुभव लेकर वापस कैसे जाएं, इस पर काफी सार्थक चर्चा हुई। जो निर्देश स्टैंडिंग कमेटी के मिले हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, तीन माह में एक बार स्टैंडिंग कमेटी की बैठक होती है। यहां सुरक्षा व्यवस्था को जोनवार ढंग से बांटा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव हो, इस बात पर विशेष जोर दिया जाए। किसी को भी कोई परेशानी न हो। वर्तमान में बढ़ रही भीड़ को कैसे बेहतर ढंग से मैनेज किया जाए, कोई अनहोनी न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। नए प्रस्ताव रखे गए हैं और उन पर चर्चा की गई।

पुलिस अधिकारियों की संयुक्त रूप से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर गहन चर्चा हुई है। आने वाले समय में विश्व प्रसिद्ध मथुरा की होली मनाई जानी है। इसमें पूरे देश से लोग शामिल होने के लिए आते हैं। सभी की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी मंथन किया गया। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) लखनऊ, अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन, अपर निदेशक आईबी, अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी, पुलिस महानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र, उपमहानिरीक्षक पीएसी आगरा, पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ, जिलाधिकारी मथुरा, पुलिस, उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा मौजूद रहे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.