शराब के नशे में एक व्यक्ति ने शनिवार शाम को स्थानीय पुलिस को फोन करके कहा कि जिले के हनुमानगढ़ी मंदिर में बम लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 112 पर रात नौ बजे यह फोन किया गया।
फैजाबाद शहर के बाहरी इलाके सादत गंज में यह मंदिर फैजाबाद छावनी के प्रवेश द्वार के निकट स्थित है।
पुलिस तुरंत हरकत में आई और मंदिर परिसर को खाली करवाया गया। बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया।
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेष पांडे ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘मंदिर को तुरंत खाली करवाया गया और बम निरोधक दस्ते ने गहन तलाशी ली। वहां कुछ नहीं मिला।’’
उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान अनिल कुमार के तौर पर हुई है। वह मूलत: कानपुर का है और फैजाबाद में रहता है। पांडे ने बताया कि उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह शराब के नशे में था और उसने स्वीकार किया कि फर्जी कॉल उसने ही किया था।
पांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



