उत्तर प्रदेश के उन्नाव में उपनगर बसाने के लिए अधिग्रहीत जमीन का ज्यादा मुआवजा मांग रहे किसानों का प्रदर्शन दूसरे दिन, रविवार को उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली सब-स्टेशन के पास एक क्रशर प्लांट और कुछ प्लास्टिक पाइपों में आग लगा दी।
पुलिस ने कहा कि सब-स्टेशन के अहाते में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। अग्निशमन दस्ते को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
किसान एक आवासीय परियोजना ‘ट्रांस गंगा सिटी प्रोजेक्ट’ के लिए अधिग्रहीत जमीन का ज्यादा मुआवजा मांग रहे हैं। इस परियोजना के तहत निर्माण कार्य उप्र राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडी) करवा रहा है।
जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा किसानों का गुस्सा शांत करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
आंदोलन के पहले दिन, शनिवार को किसानों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। किसानों द्वारा किए गए पथराव में एएसपी और डीएसपी सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था और आंसूगैस के गोले छोड़ने पड़े थे।
यूपीएसआईडी ने इस घटना के सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें आठ लोगों के नाम हैं और कहा गया है कि 200 लोगों ने परियोजना स्थल पर काम कर रहे लोगों पर हमला किया।
खबरों के मुताबिक, भूमि अधिग्रहण वर्ष 2012 में ही किया गया था, लेकिन किसानों के विरोध के कारण सात वर्षो से परियोजना का काम रुका हुआ था।
भाजपा के एक प्रवक्ता ने कहा कि 1,925 से ज्यादा किसानों ने दिया गया मुआवजा स्वीकार कर लिया है, सिर्फ 114 किसान नहीं मान रहे हैं और समस्या पैदा कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



