कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के ग्रेटर कैलाश नगर में दो विरोधी गुटों के बीच फायरिंग में कांग्रेस पार्टी के एक युवा नेता की मौत हो गयी। चकेरी थाना प्रभारी रंजीत राय ने बुधवार को बताया कि रवि यादव का ठेकेदार रणधीर सिंह यादव से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था, जिसके चलते रवि ने रणधीर को अपने घर में बंधक बना लिया था।
उन्होंने बताया कि रणधीर के बेटे ने पिता को छुड़ाने के लिए कांग्रेस नेता शोएब खान सहित अपने दोस्तों को बुलाया था। शोएब एवं अन्य लोग जब मौके पर पहुंचे तो रवि ने कथित रूप से लाइसेंसी राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में शोएब गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे निकट के अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शोएब कांग्रेस पार्टी का नगर सचिव था। इस बीच रवि मौके से फरार हो गया। कानपुर के अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश ने रवि की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। रवि पुलिसकर्मी यशवंत यादव का पुत्र है।


Download Android App
Download iOS App



