सत्ता में बैठे लोग द्वारा ही अनुशासनहीनता के आए दिन मामले सामने आते रहते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर बीजेपी विधायक के गनर द्वारा एक कार चालक को बुरी तरह से पीटे जाने का वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक क्रॉसिंग पर जाम लगने से विधायक की गाड़ी फंस गई थी। काफी देर तक विधायक की गाड़ी जाम में फंसने से गुस्साए गनर ने जाम में फंसे कार चालक की पिटाई कर दी।
वायरल वीडियो में दिख रहा गनर कटरा विधानसभा से बीजेपी विधायक वीर विक्रम सिंह की सुरक्षा में तैनात है। पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद विधायक के गनर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीआईजी राजेश पांडे ने बताया कि घटना बरेली में हुई है लेकिन विधायक शाहजहांपुर के थे और उनके साथ गनर भी वहीं का था। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
बरेली के हुलास नगर क्रॉसिंग पर अक्सर जाम लगने से घंटो लोग फंस जाते हैं। विधायक वीर विक्रम सिंह अपने क्षेत्र से भ्रमण कर शाम के वक्त फतेहगंज पूर्वी स्थित आवास पर आ रहे थे। इधर, हुलासनगरा फाटक और बहगुल नदी के पुल के बीच एक ट्रक की टक्कर कार से हो गई। इस कारण हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। इस जाम का शिकार कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह भी हो गए।
विधायक की गाड़ी जाम में फंसी तो उनके गनर ने आव देखा न ताव बस कार चालक पर टूट पड़े और जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच किसी राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया जिसके बाद यह वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



