Hapur Murder Mystery Case: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में 1 दिसंबर को एनएच-9 के किनारे खेत में काले रंग के सूटकेस में मिले महिला के कंकाल के रहस्य से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। यह मामला एक ब्लाइंड मर्डर का था, जिसे पिलखुवा पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में सुलझाया।
Suitcase Murder Case: क्या है पूरा मामला?

पुलिस जांच में मृतका की पहचान झारखंड के केरया कुडपानी गांव की रहने वाली युवती सोनिया के रूप में हुई है। इस जघन्य हत्या के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी अंकित कुमार और उसकी पत्नी कलिस्ता उर्फ काली को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अंकित ने सोनिया के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। जब सोनिया ने इसकी शिकायत पुलिस में करने की धमकी दी तो दोनों आरोपियों ने मिलकर लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
Hapur Crime News: पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर के अनुसार, 1 दिसंबर की दोपहर एक किसान ने एनएच-9 के किनारे खेत में पड़े बंद काले सूटकेस की सूचना पुलिस को दी थी। सूटकेस खोलने पर महिला का कंकाल बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बाद पुलिस ने कई स्तरों पर जांच शुरू की और दिल्ली-एनसीआर तक छानबीन की।
दिल्ली में दर्ज कराई गई थी रिपोर्ट
जांच के दौरान दिल्ली के विवेक विहार थाने में दर्ज एक गुमशुदगी की रिपोर्ट से अहम सुराग हाथ लगा। एक घर में काम करने वाली मेड ने पुलिस को बताया कि उसने एक युवती की हत्या होते हुए देखा था। इसी सूचना के आधार पर मृतका की पहचान सोनिया के रूप में की गई।
Hapur Murder Mystery Case: जांच में मिले कई सबूत

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दंपति झारखंड सहित अन्य राज्यों से गरीब और असहाय युवतियों को दिल्ली-एनसीआर में काम दिलाने के नाम पर बुलाता था और उन्हें मेड के रूप में रखवाने का धंधा करता था। करीब आठ महीने पहले सोनिया को भी नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया था। 27 अगस्त की रात उसकी हत्या कर दी गई और बदबू छिपाने के लिए शव को कुछ दिन घर में ही रखा गया।
29 अगस्त को शव को सूटकेस में भरकर ऑटो के जरिए एनएच-9 ले जाकर खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी, मृतका सहित तीन मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो भी मिली है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।






















