उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में सोमवार को सुबह दुकानदार से विवाद के बाद एक युवक ने उसकी गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार कर जान दे दी। मामला जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र का है जहां सुबह-सुबह हुईं दो मौतों से दहशत फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार ने बताया कि छुटमलपुर निवासी 52 वर्षीय किशनलाल सुबह अपनी रूड़की रोड स्थित दुकान पर बैठे थे। बाइक पर एक युवक आया और उनसे डिब्बाबंद पेय लिया । युवक उस पेय में कुछ मिलाकर पी गया जिसपर किशनलाल तथा 25 साल के युवक के बीच कहासुनी हो गई।
कुमार ने बताया कि इसके बाद युवक ने तमंचे से किशनलाल को गोली मार दी। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद युवक कुछ देर तक किशनलाल की दुकान के आसपास घूमता रहा और फिर उसी तमंचे से खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई। कुमार ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



