पुलिस पर हमले का आरोपी हिस्ट्रीशीटर कादिर गिरफ्तार, कॉन्स्टेबल की गोली लगने से हुई थी मौत

Summary :

पुलिसकर्मी की मौत के आरोपी कादिर को पकड़ा गया

पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर कादिर को एनकाउंटर में गिरफ्तार किया, जिसने पुलिस पर हमला कर कॉन्स्टेबल सौरभ की जान ली थी। कादिर पर कई गंभीर अपराध दर्ज हैं, जिसमें लूट और हत्या की कोशिश शामिल है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के बाद अब उसके साथियों की खोज में लगी है, ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके।

Ghaziabad News: गाजियाबाद पुलिस ने नाहल गांव के कुख्यात अपराधी कादिर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है. इसी कादिर को पकड़ने के लिए नोएडा पुलिस ने रविवार रात को गाजियाबाद में छापेमारी की थी, लेकिन उस समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर पथराव और फायरिंग कर उसे छुड़ा लिया था.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में नोएडा पुलिस के कॉन्स्टेबल सौरभ देशवाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने कादिर समेत करीब दर्जन भर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी.

23 साल की उम्र में 24 मुकदमें दर्ज

नाहल गांव निवासी 23 वर्षीय कादिर पुत्र खुर्शीद पर गाजियाबाद, नोएडा समेत कई जिलों में 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. इन मामलों में लूट, मारपीट, हत्या की कोशिश, गोतस्करी और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, नोएडा के फेज-3 थाने में भी उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं.

रविवार को भाग निकला था आरोपी

रविवार की रात नोएडा पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कादिर को उसके घर से गिरफ्तार किया था. लेकिन वहां से निकलते समय बदमाशों ने पुलिस पर अचानक हमला कर दिया. पथराव और फायरिंग के बीच कादिर फरार हो गया और इस झड़प में कांस्टेबल सौरभ देशवाल गोली लगने से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई.

एनकाउंटर में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना के बाद गाजियाबाद पुलिस सतर्क हो गई थी. पुलिस ने जब कादिर की घेराबंदी की तो उसने एक बार फिर पुलिस पर गोलियां चलाईं. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने कादिर के पैर में गोली मारकर उसे पकड़ लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गाजियाबाद में अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, कांस्टेबल की मौत

साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कादिर को अदालत में पेश किया जाएगा. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि उसके फरार साथियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके. मसूरी थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।