Jaunpur Double Murder: जौनपुर जिले के सैदापुर गांव में शुक्रवार दोपहर फसल लाने के लिए खेत में ठेला (गाड़ी) ले जाने को लेकर हुए विवाद में 36 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 70 वर्षीय मां और 45 वर्षीय बहन की कुल्हाड़ी से कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना रामपुर थाना क्षेत्र के सैदापुर गांव की है, जहां आरोपी भूपेंद्र पटेल और उसकी बहन गौरा देवी के बीच लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।
बीच-बचाव करने आई मां पर हमला
एसपी (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह के अनुसार, भाई-बहन के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद था और दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे गौरा देवी उड़द की फसल लाने के लिए खेत में ठेला ले जाने को लेकर बात कर रही थीं, तभी भूपेंद्र के साथ उनकी बहस शुरू हो गई। पुलिस ने बताया कि कहासुनी के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गौरा देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी मां शीतला देवी पर भी उसने वार कर दिया, जिससे दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
Jaunpur Double Murder: भूमि विवाद को लेकर बहन से होता था झगड़ा
सूचना मिलते ही नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मछलीशहर परमानंद कुशवाहा और सीओ मड़ियाहूं विजय चौधरी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने वारदात स्थल का मुआयना किया और जानकारी जुटाने के लिए परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। एसपी (ग्रामीण) ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




