लॉकडाउन : बुंदेलखंड में भाजपा के तीन विधायक अपने अलग-अलग अंदाज में व्यस्त

Summary :

दुनिया भर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इसके दौरान भारत में पिछले छह दिनों से लॉकडाउन जारी है। वही बांदा जिले के तीन भाजपा विधायक अपने अलग-अलग अंदाज में व्यस्त हैं।

दुनिया भर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इसके दौरान भारत में पिछले छह दिनों से लॉकडाउन जारी है। वही बांदा जिले के तीन भाजपा विधायक अपने अलग-अलग अंदाज में व्यस्त हैं। सदर विधायक ने जहां अब तक पांच हजार से अधिक बेसहारा और दैनिक मजदूरों को भोजन कराने का दावा किया है, वहीं तिंदवारी विधायक अपने घर का किचन संभालने से लेकर योगा कर वक्त काट रहे हैं। 
नरैनी विधायक राजकरन कबीर अपने कृषि फॉर्म में ठहरे हैं और उन्होंने किसी से भी मिलना-जुलना या फोन पर बात करना बंद कर दिया है। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने सोमवार को यहां एक बयान जारी कर बताया कि कोरोना एक वैश्विक महामारी है, जिससे निपटने के लिए हमने बांदा शहर को 22 सेक्टरों में बांटा है और अपने कैम्प कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जहां से एक फोन कॉल पर घर-घर भोजन के पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं। 
उन्होंने कहा, इस दौरान सामाजिक दूरी और सेनिटाइजेशन का भरपूर ख्याल रखा जा रहा है। अब तक करीब पांच हजार से अधिक पैदल यात्रियों, बेसहारा लोगों और जरूरतमंदों को भोजन कराया जा चुका है और यह लगातार जारी है। द्विवेदी ने बताया, भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट के कामतानाथ परिक्रमा मार्ग में सैकड़ों बंदर कई दिनों से भूखे थे, जिसकी सूचना एक साधु से मिलने पर रविवार को उनके भोजन के लिए दो कुंतल चना और दो कुंतल गेहूं भेजवाया गया है। 
साथ ही अग्रिम व्यवस्था के लिए पचास हजार रुपये नकद भेजे गए हैं। तिंदवारी सीट से भाजपा विधायक बृजेश प्रजापति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक बयान जारी किया है, वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव को ष्टिगत रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में 21 दिनों के लॉकडाउन का पालन करते हुए अपने घर से ही सभी के सहयोग का प्रयास कर रहा हूं। अपने खाली समय को काटने के लिए घर के कार्य कर रहा हूं। 
उन्होंने किचन में चाय बनाने का फोटो भी शेयर किया है। वैसे प्रजापति सोशल मीडिया पर ज्यादा ही सक्रिय रहते हैं और अपने प्रशंसकों के बीच लॉकडाउन दिनचर्या की तस्वीरें रोजाना साझा करते हैं। आईएएनएस संवाददाता ने नरैनी विधायक राजकरन कबीर की दिनचर्या के बारे में भी जानने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन रिसीव्ड नहीं हुआ। 
अलबत्ता उनके प्रतिनिधि नन्दकिशोर ब्रम्हचारी ने बताया कि लॉकडाउन घोषित होते ही विधायक जी ने अपने कृषि फॉर्म में खुद को क्वारंटीन कर लिया है, और वह किसी से नहीं मिलते और न ही 14 अप्रैल तक फोन पर बात करेंगे।

Desk Team