बरेली जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास में कथित रूप से विफल रहने पर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 19 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपी को नशे की लत है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉक्टर प्रवीण रंजन सिंह ने रविवार को बताया कि थाना किरतपुर के मोहल्ला मुगलान में तीन मार्च की शाम करीब साढ़े छह बजे छत पर पतंग उड़ा रहे बच्चों ने एक खंडहरनुमा मकान में बच्ची का शव पड़े होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि चाहरौनक मोहल्ले की पांच वर्षीय बच्ची की हत्या धारदार हथियार से गला रेत कर की गयी थी।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच के आधार पर मुगलान मोहल्ला निवासी अमान खान (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह बच्ची के घरवालों से पहले से परिचित था और उनके घर आता-जाता था।
उन्होंने बताया, घटना वाले दिन जब दोपहर में बच्ची खेलने आयी तो अमान उसे बहलाकर खंडहरनुमा मकान में ले गया और उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया। उन्होंने कहा, लेकिन बच्ची के चीखने पर उसने चाकू से गला रेत कर उसकी हत्सर कर दी और वहां से भाग गया। पुलिस ने अमान से आला कत्ल चाकू और खून लगी कमीज बरामद कर ली है।
उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। इसके पहले एएसपी ने शुक्रवार को बताया था कि लड़की के परिवार द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर मामले को सुलझाने के लिए तीन दलों का गठन किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



