UP में कोरोना के बढ़ते मामलों पर मायावती ने कहा- जुगाड़ से नहीं उचित व्यवस्था से होगा महामारी पर नियंत्रण

Summary :

मायावती ने कहा कि कोरोना को जुगाड़ से नहीं उचित व्यवस्था से नियंत्रित किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। इस बीच बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमित लोगों पर आज चिंता व्यक्त की और कहा कि इसे उचित इंतजाम से ही नियंत्रित किया जा सकता है ।

मायावती ने सोमवार को ट्वीट किया, “आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य और गरीब व पिछड़े उप्र में कोरोना की महामारी जिस प्रकार से विकराल रूप धारण कर रही है वह गंभीर चिन्ता की बात है। राज्य व केन्द्र सरकार को भी इस बारे में विशेष सचेत होने की जरूरत है। यह जुगाड़ से नहीं बल्कि उचित व्यवस्था से ही नियंत्रित हो सकता है।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी राज्य में कोरोना के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जाहिर की थी । बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के आंकड़े 49,247 पहुंच गए, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने रविवार देर रात बैठक की। वहीं राज्य में और 38 लोगों की मौत के बाद मौत का आंकड़ा 1,146 तक पहुंच गया। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य में अब तक 29,845 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं।

विकास दुबे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, हेमरेज और सदमे के कारण हुई मौत

Desk Team