कन्नौज/सीतापुर/हरदोई (UP) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सपा-बसपा गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान करने वाले लोग अब मायावती के लिए सम्माननीय हो गये हैं।
मोदी ने अलग-अलग जनसभाओं में कहा, ”जो लोग बाबा साहेब का अपमान करने का एक भी मौका नहीं छोड़ते थे, वे अब बहन जी (बसपा प्रमुख मायावती) के लिए माननीय-सम्माननीय हो गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तो बसपा ने बाबा साहेब के नाम पर सरकारें बनाई हैं लेकिन बाबा साहेब के लिए बहन जी के मन में कितना सम्मान रहा है, इसकी सच्चाई भी अब पता चल रही है।
रायबरेली में राहुल बोले – ‘चौकीदार’ ने की रोजगार की ‘चोरी’
प्रधानमंत्री ने कहा, ”याद करिये, जिन लोगों के लिए बहन जी अब वोट मांग रही हैं, उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा को देखकर कहा था कि ये प्रतिमा कह रही है कि ‘ये जमीन मेरी है और सामने वाला प्लॉट भी तो मेरा ही है।”
उन्होंने कहा, ”जो बाबा साहेब को भूमाफिया कहते थे, जिन्होंने दलितों की बस्तियां उजाड़ दीं, दलितों पर फर्जी मामले करवाए, दलितों के घरों पर कब्जा कर लिया, उनके लिए बहन जी खुशी-खुशी वोट मांग रही हैं।”
मोदी ने कहा, ”ये तब होता है जब आपका लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ कुर्सी पाना हो। ये तब होता है जब सिर्फ जात-पात की राजनीति आपका आधार हो। ये तब होता है जब आपको देश की, राष्ट्र की चिंता नहीं होती।”
उन्होंने कहा, ‘‘’भीम ऐप’ अब घर-घर पहुंच रहा है। आपको पता है ये भीम ऐप किसके लिए समर्पित है ? हमने 2017 में 14 अप्रैल को दुनिया का ये सबसे व्यापक सिस्टम लॉन्च किया था। 14 अप्रैल यानी बाबा साहेब आंबेडकर का जन्मदिन।’’
मोदी ने कहा,‘‘ हमारी सरकार ने निरंतर बाबा साहेब के सम्मान और गौरव को और बढ़ाने का काम किया है। पिछले पांच साल में दिल्ली, मऊ, नागपुर, मुंबई और लंदन में बाबा साहेब से जुड़े पांच स्मारकों को पंच तीर्थ के रूप में हमने विकसित किया है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा,‘‘ हमारे लिए ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र है और सबको सुरक्षा, सबको सम्मान प्रतिबद्धता है। आपके चौकीदार ने देश के हर वर्ग, हर क्षेत्र के लिए समान रूप से काम किया है। गरीब हो, बहन-बेटियां हों, दलित, वंचित, पिछड़े, आदिवासी हों, किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया।”


Download Android App
Download iOS App



