नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में पिछले कई दिनों से जारी प्रदर्शनों के मद्देनजर जारी रेड अलर्ट के बीच जुमे की नमाज के बाद हालात शांतिपूर्ण रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने बताया कि जिले की विभिन्न मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा के बीच आज जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। आज जिले की तमाम मस्जिदों से अपील की गयी कि लोग शांति बनाये रखें और अफवाहों के जाल में न फंसें। शहर के मुफ्ती खालिद हमीद ने भी लोगों से शांति की अपील की।
कुलहरि ने बताया कि हालांकि शाम को दिल्ली गेट थाना क्षेत्र के शाहजमाल इलाके में कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया मगर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया।
उन्होंने बताया कि नये नागरिकता कानून को लेकर मुस्लिम धर्मगुरुओं को आश्वस्त किया गया कि मुसलमानों को राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) से सम्बन्धित सभी दस्तावेज हासिल करने में मदद के लिये ‘विशेष इंतजाम’ किये जाएंगे।
कुलहरि ने कहा कि पुलिस ने नये नागरिकता कानून को लेकर फैली गलतफहमियां दूर करने के लिये पुलिस ने जिले में पर्चे भी बांटे।
इसके पूर्व, जुमे की नमाज के मद्देनजर जिले में घोषित रेड अलर्ट घोषित कर दिया था। जिले में एहतियात के तौर पर 10 कंपनी पीएसी, चार कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स और 83 मजिस्ट्रेट तैनात किये गये।
जिले में इंटरनेट पर लगी रोक आज पांचवें दिन भी जारी है। इससे कारोबार और बैंकिंग सेवाएं में खासी प्रभावित हुई हैं।
मालूम हो कि संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में गत रविवार को भड़की हिंसा के बाद शहर के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। जिले में उसके बाद भी कई स्थानों पर छुटपुट प्रदर्शन किए गए।


Download Android App
Download iOS App



