केंद्र की मोदी सरकार के पूर्व सहयोगी रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ में सीट के बंटवारे को लेकर कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा है कि वह असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में 125 सीटें देने को तैयार हैं।
सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने रविवार को दावा किया कि ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ दस घटक दलों की बदौलत उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव के बाद सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा में सीट के बंटवारे को लेकर कोई समस्या नहीं है। उन्होंने ओवैसी की एआईएमआईएम के सौ सीट पर चुनाव लड़ने के दावे पर कहा कि सीट को लेकर उनकी ओवैसी से कोई बातचीत नही हुई है।
राजभर ने एक सवाल के जबाब में कहा कि उनके मोर्चा में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस अगर आना चाहें तो उनका स्वागत है। उन्होंने भाजपा से गठबंधन करने से इंकार करते हुए आरोप लगाया, ‘‘भाजपा दलित व पिछड़े वर्गों की दुश्मन है। भाजपा को केवल चुनाव के समय इस वर्ग की याद आती है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा दुनिया की सबसे झूठी पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते है ठीक उसके उल्टा करते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



