क्या बिहार के बाद UP में मुस्लिम वोटों के बीच ओवैसी बना पाएंगे जगह, 100 सीटों पर AIMIM लड़ेगी चुनाव

Summary :

बिहार विधानसभा चुनाव में ‘बेहतर प्रदर्शन’ करने के बाद एआईएमआईएम ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की ।

उत्तर प्रदेश में साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों की तैयारियां जोरों पर हैं। अपनी पार्टी को मजबूत करने और राज्य में अपनी पकड़ को मजबूत बनाने के लिए पार्टियां चुनावी धार देने लगी है। बिहार विधानसभा चुनाव में ‘बेहतर प्रदर्शन’ करने के बाद एआईएमआईएम ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की रविवार को घोषणा की ।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वे लोग ओम प्रकाश राजभर की अगुवाई वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एवं छोटी पार्टियों के गठबंधन भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ मिल कर उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे । हैदराबाद के सांसद ने हिंदी में ट्वीट कर घोषणा की कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी । ओवैसी आम तौर पर अंग्रेजी में सोशल मीडिया पर संदेश देते हैं ।
ओवैसी ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश विधानसभा के संबंध में हमने 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने उम्मीदवारों को चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हमने उम्मीदवार आवेदन पत्र भी जारी कर दिया है ।’’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘हम ओपी राजभर साहब ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ के साथ हैं। हमारी और किसी पार्टी से चुनाव या गठबंधन के सिलसिले में कोई बात नहीं हुई है ।’’
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार विधानासभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था और पांच सीटों पर उसे जीत मिली थी।  बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के साथ गठबंधन से इनकार करते हुए रविवार को दावा किया कि दोनों राज्यों में अगले वर्ष के प्रारंभ में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अकेले ही चुनाव लड़ेगी।
रविवार को ट्वीट्स की एक श्रृंखला में, उन्होंने उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया कि जिसमें कहा जा रहा था कि बसपा उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के साथ हाथ मिलाएगी। उन्होंने कहा, “यह खबर फैलाई जा रही है कि एआईएमआईएम और बसपा यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेंगे। यह खबर पूरी तरह से झूठी, भ्रामक और निराधार है। इसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है, और बसपा इसका जोरदार खंडन करती है।”

Desk Team