प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जुलाई को अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे और 1500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मोदी उत्तर प्रदेश में अपने लोकसभा क्षेत्र का दौरा ऐसे समय में कर रहे हैं, जब भाजपा शासित इस राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि मोदी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में 100 बिस्तरों के एमसीएच विंग, गोदौलिया में बहुस्तरीय पार्किंग, गंगा नदी पर पर्यटन विकास के लिए रो-रो वेसल्स और वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर थ्री-लेन फ्लाईओवर ब्रिज सहित विभिन्न सार्वजनिक परियोजनाओं और कार्यों का उद्घाटन करेंगे।
इस दौरान करीब 744 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। वह करीब 839 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं और सार्वजनिक कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीआईपीईटी) के कौशल एवं तकनीक सहयोग केन्द्र , जल जीवन मिशन के तहत 143 ग्रामीण परियोजनाएं और कारखियांव में आम और सब्जी के एकीकृत पैक हाउस की शुरुआत शामिल हैं।
पीएमओ ने कहा कि मोदी अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केन्द्र – रुद्रकाश का भी उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण जापान की सहायता से किया गया है। इसके बाद वह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विंग, बीएचयू का निरीक्षण करेंगे। वह अधिकारियों और चिकित्सा पेशेवरों से मुलाकात कर कोविड से निपटने के लिए किए गए उपायों की समीक्षा करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



