उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड में एक नई जानकारी सामने आई है, किसान की खुलेआम गोली मार कर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी गौरव सोंगरा पर यूपी पुलिस ने एक लाख रूपये का इनाम घोषित कर दिया। हाथरस के सासनी इलाके के गांव नोजलपुर में पिछले सोमवार को हुई घटना में पुलिस पर काफी दबाव है। पुलिस की इस योजना से हो सकता है कि कोई आरोपी की सूचना दे, जिससे आरोपी पुलिस की पकड़ में आ सके। साथ ही पुलिस ने अन्य दो आरोपियों पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले में अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल सारा मामला है कि खेत में आलू की खोदाई करवा रहे किसान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। करीब ढाई साल पहले किसान ने मुकदमा दर्ज कराया था कि गौरव ने उसके घर में घुसकर उसकी बेटी से छेड़छाड़ की। अब गौरव इस मुकदमे को वापस लेने और उनकी छोटी बेटी से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। मृतक की पुत्री ने चार नामजद सहित छह लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मंगलवार को किसान के नाराज परिजनों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर किसी तरह उनको राजी किया। भतीजे ने मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी पर रासुका के तहत कार्रवाई का आदेश दिया है। गौरव सेंगरा को समाजवादी पार्टी का नेता बताया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



