उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार शाम कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात तब हुई, जब युवक सैलून के अंदर सेविंग करा रहा था, इस दौरान बाइक से कुछ हमलवार आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। फायरिंग को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सैलून के अंदर बदमाशों ने बनाया निशाना
यह घटना प्रयागराज स्थित अल्लापुर इलाके की है। गुरुवार शाम को अरविंद पासी (32) अल्लापुर में बैंक के पास शेरू नाई के सैलून में बैठकर सेविंग करवा रहा था। तभी कुछ अज्ञात हमलवार बाइक से वहां आए और सैलून के अंदर कुर्सी पर बैठे अरविंद पर गोलियां चला दी। गोली लगने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद से इलाके में हड़कंप मच गया। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें एसआरएन (SRN) अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साजन मेहतर की हत्या के मुख्य गवाह थे अरविंद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरविंद पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसके परिवार में उसकी पत्नी और एक 9 साल का बेटा है। बताया जा रहा है कि वह मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए प्रयागराज आया था। अरविंद की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार वालों का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश और गवाही रुकवाने के लिए की गई है।
दरअसल, 26 सितंबर 2025 को अल्लापुर में साजन मेहतर की हत्या हुई थी, जिसके अरविंद मुख्य गवाह थे और केस की पैरवी कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि दबंग उन पर गवाही बदलने और समझौते का दबाव बना रहे थे, जिसकी शिकायत थाने व एसीपी दफ्तर में कई बार की गई थी, पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।
हमलावरों को पकड़ने के लिए 3 विशेष टीमें गठित
इस मामले को लेकर डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया कि परिवार की शिकायत पर जॉर्ज टाउन थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमें बनाई हैं, जो आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं। फिलहाल अभी हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।


Download Android App
Download iOS App




