बिसवां, सीतापुर: कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने इस बार भाजपा नगर अध्यक्ष रजनी गुप्ता के मोहल्ला शंकरगंज स्थित घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के मुख्य द्वार से लेकर अंदर के कमरों तक के ताले तोड़कर करीब एक लाख रुपये की नकदी और अनुमानित 20 से 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात से कस्बे में हड़कंप मच गया।
भाजपा नगर के निवर्तमान अध्यक्ष एवं सभासद पंकज गुप्ता ने बताया कि वह अपने भाई की ससुराल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार सहित बहराइच जनपद के नानपारा गए हुए थे।
बुधवार देर रात करीब 3:15 बजे जब वह घर वापस लौटे तो मुख्य गेट का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो घर के अंदर का दरवाजा भी टूटा था। कमरे में पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा था और कमरे की अलमारी तथा लॉकर के ताले टूटे हुए थे।
चोरों ने अलमारी में रखे करीब एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवरात पार कर दिए थे। घर का यह हाल देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। चोरी की घटना से आहत उनकी पत्नी बदहवास होकर बेसुध हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षित चौहान, प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
कस्बे के बीचोंबीच हुई लाखों रुपये की इस बड़ी चोरी की वारदात ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक चोरों का पता लगाकर इस वारदात का खुलासा कर पाती है।


Download Android App
Download iOS App





