UP की जनता में व्याप्त है भय, सरकार के लोग करते हैं कोरी भाषणबाजी : प्रियंका गांधी

Summary :

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘बागपत में आज सुबह एक लोहा व्यापारी का अपहरण हो गया। उप्र में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। बच्चे सुरक्षित नहीं हैं।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाओं को लेकर सोमवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि सरकार के लोग कोरी भाषणबाजी करते हैं, लेकिन जनता के बीच भय व्याप्त है। उन्होंने बागपत में एक लोहा व्यापारी के अपहरण की घटना का उल्लेख करते हुए यह आरोप भी लगाया कि इस सरकार में लोग सुरक्षित नहीं हैं।

प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘बागपत में आज सुबह एक लोहा व्यापारी का अपहरण हो गया। उप्र में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं। बच्चे सुरक्षित नहीं हैं।’’ कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने दावा किया, ‘‘सरकार के लोग चुनावी सभाओं में जाकर कोरी भाषणबाजी करते हैं। जनता में भय व्याप्त है।’’

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के बागपत से आज सुबह लोहा व्यापारी आदिश जैन दोपहर बाद हरियाणा सीमा पर मिल गये। पुलिस ने कहा कि सुबह शहर के बड़े लोहा व्यापारी का उसवक्त अपहरण कर लिया गया था जब वो घर से निकल के ट्रक से लोहा उतरवाने जा रहे थे। उनकी बरामदगी दोपहर में हरियाणा सीमा पर हुई।
अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के लिये एक करोड़ रूपये मांगे थे। उनकी तलाश में तीन जिलों की पुलिस लगी थी।पुलिस का बढ़ता दवाब देख अपहरणकर्ता उन्हें हरियाणा सीमा पर छोड़ कर फरार हो गये। अपहरणकर्ता अपनी गाड़ी छोड़ गये थे जिसे पुलिस ने जब्त कर ली है।

UP के बागपत में लोहा व्यापारी का अपहरण, बदमाशों ने की 1 करोड़ फिरौती की मांग

Ujjwal Jain