लखनऊ में उपद्रवियों की होर्डिंग पर शुरू हुई सियासत, प्रियंका बोलीं- खुद को संविधान से ऊपर समझने लगी है योगी सरकार

Summary :

जिलाधिकारी के द्वारा कराई गई जांच में दोषी पाए गए लोगों की होर्डिंग जिला प्रशासन ने लगवाईं हैं। इनमे सार्वजनिक और निजी सम्पत्तियों को हुए नुकसान का विवरण है।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सीएए विरोधी हिंसा करने वाले उपद्रियों की फोटो वाली होर्डिंग लगाए जाने को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर राज्य की योगी सरकार को आड़े हाथों लिया है। वहीं होर्डिंग मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट आज यानि रविवार को इसकी सुनवाई करने वाला है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा, यूपी की बीजेपी सरकार का रवैया ऐसा है कि सरकार के मुखिया और उनके नक्शे कदम पर चलने वाले अधिकारी खुद को बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान से ऊपर समझने लगे हैं। हाई कोर्ट ने सरकार को बताया है कि आप संविधान से ऊपर नहीं हो। आपकी जवाबदेही तय होगी। 


गौरतलब है कि जिलाधिकारी के द्वारा कराई गई जांच में दोषी पाए गए लोगों की होर्डिंग जिला प्रशासन ने लगवाईं हैं। इनमे सार्वजनिक और निजी सम्पत्तियों को हुए नुकसान का विवरण है। साथ ही इसमें लिखा है कि सभी से नुकसान की भरपाई की जाएगी। 

डीएम अभिषेक प्रकाश ने इस बारे में बताया कि उन होर्डिंग्स में आरोपियों की तस्वीरें होने के साथ ही यह भी लिखा गया है कि मजिस्ट्रेट की कोर्ट से आदेश जारी होने के 30 दिनों में हिंसा के दोषी पाए गए लोगों ने धनराशि जमा नही की तो उनकी संपत्तियां कुर्क कर इसकी वसूली की जाएगी। ऐसी होर्डिंगे उन सभी थाना क्षेत्रों में लगाई जाएंगी जहां हिंसा हुई थी।

Desk Team