सपा नेताओं ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ बृहस्पतिवार को गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और कुशीनगर जिलों में प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रहमा शंकर त्रिपाठी को कुशीनगर में पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय को सिद्धार्थनगर जिले में उनके घर पर ही रोक दिया। गोरखपुर में पूर्व मंत्री रामपाल निषाद को हिरासत में लिया गया है।
गोरखपुर में लक्ष्मीबाई पार्क में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस संबंध में 300 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
कुशीनगर जिले के पडरौना में पूर्व मंत्री ब्रहमा शंकर त्रिपाठी को 100 कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लिया गया। कुछ लोग सड़कों पर उतर आए और नागरिकता कानून के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जब पुलिस ने बलप्रयोग कर उन्हें तितर बितर करने का प्रयास किया तो उन्होंने पडरौना-दुधही मार्ग जाम कर दिया। भीड़ ने पथराव भी किया। देवरिया में दो दर्जन से अधिक सपाइयों को हिरासत में लिया गया। महाराजगंज में सपा कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



