अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत दर्शनार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। तीसरे दिन भी जन्मभूमि मार्ग पर दर्शनार्थियों की अटूट कतार बनी रही, लेकिन, पहले दिन की अपेक्षा गुरुवार को आपाधापी नहीं दिखी। मंदिर के उद्घाटन के बाद से रामभक्तों की सहूलियत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है।
- करीब 2.50 लाख से ज्यादा दर्शनार्थियों ने दर्शन किए
- श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री योगी के निर्देश
- पुलिसबल व्यवस्था सुधारने में लगातार जुटा
निर्देश के बाद एक कमेटी गठित
प्रशासन और पुलिसबल व्यवस्था सुधारने में लगातार जुटा हुआ है। अयोध्या में श्रीरामलला के सुगम दर्शन और श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री योगी के निर्देश के बाद एक कमेटी गठित की गयी, जिसके निर्देशन में श्रीरामजन्मभूमि परिसर में समस्त व्यवस्थाएं मैनेज की जा रही है।
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव शामिल
इस कमेटी में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अगुवाई में मुख्य सचिव, डीजीपी व मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के साथ नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव शामिल हैं। मंदिर प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को 5 लाख और बुधवार को करीब 2.50 लाख से ज्यादा दर्शनार्थियों ने सुगम दर्शन प्राप्त किए। गुरुवार को दर्शनार्थियों को दर्शन लाभ प्राप्त करने में कहीं कोई दिक्क़त नहीं दिखाई दी। शुरुआती दो दिन में ही तकरीबन 8 लाख रामभक्त अपने आराध्य के दर्शन कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App





