राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रमुख अजित सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया है। अजित सिंह ने पीएम मोदी पर झूठ और महिलाओं के मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘हम झूठ बोलकर समझौता करा देते हैं। ये झूठ नहीं बोलता। बस इसने आज तक सच नहीं बोला। बच्चों को कहते हैं सच बोला कर, लेकिन इसके मां-बाप ने नहीं सिखाया।
ये महिलाओं का बड़ा पक्षधर है, तीन तलाक…तीन तलाक। अपनी पत्नी को एक बार भी तलाक नहीं बोला और छोड़ दिया। वहीं उन्होंने बुधवार को भी पीएम मोदी और बीजेपी पर निशाना साधा है। अजित सिंह ने कहा, देश को चौकीदार नहीं प्रधानमंत्री चाहिए। चौकीदार तो नेपाल में बहुत मिलते हैं। बीजेपी नफरत और झूठ की राजनीति करती है।
बड़त नगर के पठानकोट, छपरौली और रमाला में बुधवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार वह मुजफ्फरनगर से चुनाव लड़ रहे हैं। इसका बड़ा कारण यह है कि बीजेपी ने नफरत की राजनीति मुजफ्फरनगर से शुरू की थी, अब यहीं से बीजेपी को दफन भी करना है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने सारी सरकारी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। आरएसएस के लोगों को बैठा दिया है। मोदी ने लोगों को बहका कर अपने अच्छे दिन कर लिए। देश के प्रधानमंत्री झूठ बोलते हैं। गन्ने का पांच हजार करोड़ मिलों पर बकाया है। 45 साल में इतनी बेरोजगारी कभी नहीं हुई। अजित सिंह बागपत लोकसभा चुनाव के लिए अपने बेटे जयंत चौधरी के चुनाव प्रचार में उतरे है।


Download Android App
Download iOS App




