अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद साक्षी महाराज ने बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन की एक पुरानी तस्वीर को भारत का बताते हुए फेसबुक पर एक विवादित पोस्ट लिखा। इस पोस्ट में उन्होंने मुसलमानों के हमले के खिलाफ हिन्दुओं को तैयार रहने के लिए आग्रह किया है।
बता दें कि पोस्ट की गई तस्वीर मई 2013 में बांग्लादेश के ढाका में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ली गई थी, बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों को लाठी लिए देखा जा सकता है। भाजपा नेता ने अपने फेसबुक पेज पर तस्वीर साझा करते हुए कहा कि हिंदुओं को ऐसे किसी भी “जिहादी” हमले को रोकने के लिए अपने घरों में “कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और धनुष-बांण” रखने की जरूरत है।
साक्षी महाराज ने पोस्ट की बांग्लादेश की तस्वीर, साथ ही दिया यह बयान
उन्नाव के सांसद ने हिंदुओं से मुसलमानों द्वारा इस तरह के हमलों के लिए खुद को तैयार करने का आग्रह करते हुए कहा कि पुलिस उन्हें बचाने नहीं आएगी और उन्हें अपने बचाव की व्यवस्था खुद करनी होगी। उन्होंने कहा, “अगर यह भीड़ अचानक आपकी गली या आपके घर पर आ जाए, तो क्या आपके पास उन्हें रोकने का कोई उपाय है! अगर नहीं तो तैयार हो जाइए। पुलिस आपको बचाने नहीं आएगी, बल्कि खुद को बचाने के लिए कहीं छिप जाएगी।”

देश में कई हिस्सों में सामने आई है सांप्रदायिक झड़पें
दिल्ली सहित कुछ राज्यों में सांप्रदायिक झड़पों की हालिया घटनाओं पर देश भर में व्यापक आक्रोश के बीच भाजपा नेता का यह विवादित बयान आया है। दरअसल, 10 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर देश के कुछ हिस्सों से सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। पिछले हफ्ते उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, जिसमें कुछ वाहनों को आग लगा दी गई और पथराव किया गया। इससे पहले, हिंदुत्व नेता साध्वी ऋतंभरा ने प्रत्येक हिंदू जोड़े से चार बच्चे पैदा करने और उनमें से दो को राष्ट्र को समर्पित करने का आग्रह किया था।
साध्वी ऋतंभरा ने दिया था यह विवादित बयान
यह कहते हुए कि भारत जल्द ही एक “हिंदू राष्ट्र” बन जाएगा, साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि जो लोग राजनीतिक आतंकवाद के माध्यम से हिंदू समाज को विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें धूल में मिला दिया जाएगा। “हिंदू महिलाएं “हम दो, हमारे दो” (दो बच्चे हैं) के सिद्धांत का पालन करती हैं। लेकिन मैं सभी हिंदू जोड़ों से चार-चार बच्चे पैदा करने का अनुरोध करना चाहूंगी। इनमें से दो राष्ट्र को समर्पित होने चाहिए, जबकि बाकी दो परिवार के लिए होंगे।”


Download Android App
Download iOS App



