यूपी के शाहजहांपुर में आवारा कुत्तों ने किया मासूम भाई-बहन पर जानलेवा हमला, अधिक खून बहने से बच्ची की मौत

Shahjahanpur Dog Attack Case

Shahjahanpur Dog Attack Case : उत्तर प्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. आए दिन कुत्तों के हमलों में कभी बुजुर्ग तो कभी मासूम बच्चे घायल हो रहे हैं. ताजा मामला शाहजहांपुर जिले से सामने आया है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने भाई-बहन पर हमला कर दिया. इस दर्दनाक घटना में 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है.

कैसे घटी घटना

Shahjahanpur Dog Attack Case
Shahjahanpur Dog Attack Case

जानकारी के मुताबिक, ककरा कला निवासी नईम रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अपनी 11 वर्षीय बेटी सवालिया और 16 वर्षीय बेटे एकराम के साथ खेत पर गए थे. कुछ देर बाद दोनों बच्चे अपने पिता को खेत पर छोड़कर घर लौट रहे थे. इतने में ककरा कला चार्जिंग स्टेशन के पास पहले से मौजूद 10 से 15 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया.

परिजनों के अनुसार, कुत्तों ने एकराम को कई जगह काट लिया, जबकि सवालिया को बुरी तरह नोच डाला. एक कुत्ते ने उसकी गर्दन पकड़ ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. बच्ची के माथे, हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म हो गए. दोनों भाई-बहन मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन कुत्तों का हमला जारी रहा. शोर सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद कुत्तों को भगाकर दोनों को बचाया.

इलाज में देरी

Shahjahanpur Dog Attack Case
Shahjahanpur Dog Attack Case

सुबह करीब सात बजे परिजन दोनों को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. पिता का आरोप है कि अस्पताल में बच्ची को समय पर उचित इलाज नहीं मिला. उनका कहना है कि सवालिया करीब एक घंटे तक तड़पती रही और डॉक्टर उसका अत्यधिक बह रहा खून नहीं रोक सके. इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई. वहीं घायल एकराम का इलाज किया गया.

बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गांव के लोगों में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया. सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि कुत्तों के हमले में बच्ची की मौत हुई है. उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पोस्टमार्टम के लिए परिजनों से बातचीत की गई थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया.

बढ़ रहा कुत्तों का आतंक

उधर, मुरादाबाद से भी कुत्ते के हमले का एक और मामला सामने आया है. महानगर के लाइनपार स्थित एकता नगर इलाके में एक कुत्ते ने पांच साल के बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमले में बच्चे के होंठ फट गए और उसका चेहरा लहूलुहान हो गया.

बताया गया कि पैपटपुरा निवासी श्याम सिंह का पांच वर्षीय बेटा आरव कुत्ते के हमले का शिकार हुआ. घटना के बाद परिजन उसे तुरंत मंडलीय जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल के एंटी रैबीज वैक्सीन विभाग के तारिक अंसारी और गुंजन ने बच्चे की जांच की, जिसके बाद उसे इमरजेंसी वार्ड में रेफर कर दिया गया. वहां बच्चे को एंटी रैबीज सीरम समेत जरूरी उपचार दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।