अगले 3 दिन में साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था के साथ बनाए जाए रैन बसेरे : सीएम योगी

Summary :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्दी के मद्देनजर राहत आयुक्त कार्यालय को पूरे प्रदेश में रैन बसेरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्दी के मद्देनजर राहत आयुक्त कार्यालय को पूरे प्रदेश में रैन बसेरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगले 3 दिन में सुरक्षा तथा साफ-सफाई की व्यवस्था करते हुए रैन बसेरों को स्थापित किया जाए। 
रैन बसेरों में गार्ड की व्यवस्था भी की जाए। एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि नगर मजिस्ट्रेट, तहसील स्तर पर तहसीलदार तथा थाना स्तर पर थानाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि फुटपाथ पर सोए लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में खुले में सो रहे मरीजों के तीमारदारों के लिए भी चिकित्सालय परिसर में रैन बसेरा आदि की सुचारु व्यवस्था की जाए। कम्बल वितरण तथा अलाव जलाने के लिए सभी प्रबंध अभी से कर लिए जाएं, जिससे जरूरतमंदों को समय से राहत पहुंचाई जा सके।
गौरतलब है कि प्रदेश के राजस्व विभाग द्वारा आगामी शीतलहर में राहत कार्य संचालित करने हेतु धनराशि जारी कर दी गई है। इसके अंतर्गत कम्बल वितरण हेतु समस्त जनपदों को प्रति तहसील पांच-पांच लाख रुपये तथा अलाव हेतु प्रति तहसील 50 हजार रुपये की धनराशि मुहैया कराने के लिए कुल 19.25 करोड़ रुपये जारी की गयी है।

Desk Team