Shiva Sharma death case : मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे नागपुर कोर्ट में पेश, लखनऊ लाने की तैयारी; 50 हजार का था इनाम

Summary :

यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को मंगलवार को एक बड़े साझा ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

Shiv Sharma death case

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को बुधवार को नागपुर की अदालत में पेश किया गया। यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को मंगलवार को एक बड़े साझा ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

हजरतगंज थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे के तहत पुलिस तीनों को आगे की कानूनी प्रक्रियाओं और कस्टडी रिमांड के लिए लखनऊ ला रही है।

बालकनी से गिरने का दावा

शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने 9 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कराया था। मां का आरोप है कि घटना के दिन श्रद्धा की बहन का फोन आया कि शिवा बालकनी से गिर गया है और उसे लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर कोई नहीं मिला।

बाद में मेडिकल कॉलेज में ड्राइवर दानिश खड़ा मिला, जो सवाल पूछने पर खुद को नौकर बताकर मौके से भाग निकला। पीड़ित मां का कहना है कि शिवा किसी डिप्रेशन में नहीं था और उसकी योजना बनाकर हत्या की गई है।

CCTV से सच आएगा सामने’

दूसरी तरफ, गिरफ्तारी से पहले श्रद्धा दुबे ने खुद को निर्दोष बताते हुए घटना को खुदकुशी करार दिया था। उसका दावा था कि इमारत के सीसीटीवी फुटेज से सच सामने आ जाएगा।

श्रद्धा का कहना था कि वह शिवा को केवल चार महीने से जानती थी और आरोप लगाया कि शिवा की मां उसे पसंद नहीं करती थीं, इसीलिए उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं और बयानों की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें – कानपुर मेले में फटा सिलेंडर, आधा दर्जन लोग घायल; मची अफरा-तफरी

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।