Shiva Sharma Murder Case: करवटें बदलते बीती रात, खाने में मिली दाल-रोटी! श्रद्धा-रश्मि की जेल में ऐसे बीती लग्जरी लाइफ

Summary :

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर को गोसाईगंज जिला जेल में रखा गया है। दोनों बहनों को सामान्य महिला बैरक में शिफ्ट किया गया है। जेल में उन्हें आम कैदियों की तरह दाल-रोटी और तय दिनचर्या का पालन करना पड़ रहा है। उधर, पुलिस कथित मददगारों की तलाश कर रही है।

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर को गोसाईगंज स्थित जिला जेल में रखा गया है। गुरुवार को जेल पहुंचने के बाद तीनों को एक दिन क्वारंटाइन में रखा गया। इसके बाद शुक्रवार को दोनों बहनों को 45 महिला कैदियों वाली नॉर्मल बैरक में शिफ्ट कर दिया गया।  अब उन्हें जेल के नियमों  के अनुसार रहना पड़ रहा है।

जेल प्रशासन के अनुसार, श्रद्धा दुबे जेल पहुंचने के बाद खुद को नॉर्मल  दिखाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसके चेहरे पर तनाव नजर आ रहा था। जेल में पहली रात उसे साबुत उड़द की दाल, रोटी और आलू-सोया मेथी की सब्जी दी गई। बताया गया कि वह खाना पूरा नहीं खा सकी। रात में ठीक से नींद नहीं आने के बाद शुक्रवार सुबह दोनों बहनों को जेल के नियमों के मुताबिक 6 बजे उठा दिया गया। यहां उन्हें वही खाना दिया जा रहा है, जो दूसरी महिला कैदियों को मिलता है।

नाश्ते से रात के खाने तक यही रहा मेन्यू

शुक्रवार सुबह 7 बजे दोनों बहनों को नाश्ते में मीठी दलिया और चाय दी गई। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे दोपहर का खाना परोसा गया। इसमें साबुत उड़द और राजमा की दाल, आलू-लौकी की सब्जी, चावल और रोटी शामिल थे।वहीं, रात के खाने में अरहर की दाल, आलू-कद्दू की सब्जी और रोटी दी गई। जेल में अब दोनों बहनों को इसी तरह तय समय पर मिलने वाले भोजन और डेली  के नियमों के अनुसार रहना पड़ रहा है।

जेल पहुंचने के बाद शुक्रवार को श्रद्धा, रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर से मिलने कोई करीबी या रिश्तेदार नहीं आया। बताया गया कि दोनों बहनें पूरे दिन बैरक में चुपचाप बैठी रहीं। उन्होंने दूसरी महिला कैदियों से ज्यादा बातचीत नहीं की। लेकिन, दोनों आपस में थोड़ी-बहुत बात करती दिखाई दीं। जेल प्रशासन के अनुसार, दोनों धीरे-धीरे जेल के माहौल और यहां की डेली रूटीन  के अनुसार खुद को ढाल रही हैं।

महिला और पुरुष अधिकारियों की निगरानी में आरोपी

जिला जेल के जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी के अनुसार,  क्वारंटाइन की अवधि पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को नॉर्मल  बैरक में भेज दिया गया है। उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। श्रद्धा और रश्मि की निगरानी महिला डिप्टी जेलर के नेतृत्व में की जा रही है। वहीं, ड्राइवर तनवीर की निगरानी पुरुष डिप्टी जेलर कर रहे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय तारीख पर तीनों आरोपियों की कोर्ट  में पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराए जाने की बात भी कही गई है।

शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच में पुलिस अब उन लोगों का पता लगाने में जुटी है, जिन्होंने कथित तौर पर आरोपियों की मदद की थी। जांच के दौरान सामने आया कि शिवा के इमारत से गिरने के तुरंत बाद रश्मि दुबे ने आमिर नाम के एक व्यक्ति को फोन करके बुलाया था। पुलिस को अस्पताल का एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसमें आमिर शेख, ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश के साथ काली टी-शर्ट पहने दिखाई देने की बात सामने आई है। इस फुटेज के आधार पर पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और कथित मददगारों की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें: Bahraich News: दूल्हा मुंबई में, दुल्हन मोबाइल टावर पर! ऑनलाइन निकाह के बाद नीचे उतरी प्रेमिका

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।