SP सिंह बघेल बोले- पांच सालों में शिवपाल ने सिर्फ खोया है, अगर वह अपने सम्मान के लिए कोई निर्णय लेते है तो…

Summary :

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा है कि पांच साल तक प्रसपा नेता ने सिर्फ अपमान झेला है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा है कि पांच साल तक प्रसपा नेता ने सिर्फ अपमान झेला है और अब अगर वह अपने सम्मान के लिये कोई निर्णय लेते है तो वह उनका अपना निजी फैसला होगा।  
शिवपाल अगर अपने सम्मान के लिए कोई निर्णय लेते है  
बघेल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शिवपाल अगर अपने सम्मान के लिए कोई निर्णय लेते है और हाईकमान हरी झंडी देती है तो यह शिवपाल का निजी निर्णय ही कहा जायेगा। पिछले पांच साल में किसी ने अपना कुछ खोया है तो वो शिवपाल सिंह यादव ही है। शिवपाल ने सपा से अपमान झेलने के बाद अपनी पार्टी बनाई फिर पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर लड़ने का फैसला कर 80 से 100 सीटे अपनी पार्टी के लिये मांगी और आखिरकार उन्हे सिर्फ एक सीट पर समझौता करना पड़।  
अखिलेश ने इस सीट को बचाने का काम किया है 
बघेल ने कहा कि सही मायने में देखा जाए तो शिवपाल को एक भी सीट नही मिली है। शिवपाल सपा के लिए वेस्ट कंडिडेट थे। शिवपाल को जसवंतनगर से टिकट देकर अखिलेश ने इस सीट को बचाने का काम किया है। अखिलेश यादव ने उन्हें साइकिल चुनाव चिन्ह देकर सपा के लिए जसवंतनगर सीट जीतने का काम किया है। उन्होने कहा कि जिस पीढ़ ने 2012-17 के बीच का इनका निजाम देखा है। वह अपने जीवन में तो इन्हें वोट देंगे नहीं। अगर शिवपाल सिंह यादव समाजवादी गठबंधन में शामिल थे तो उनको कम से कम 5 से लेकर 10 सीटे तक मिलनी चाहिए थी।  
भाजपा नेता ने कहा कि अब परिवारवाद समाप्त हो रहा है, राष्ट्रवाद आ रहा है। उन्होने कहा कि वो ना तो किसी के भाजपा मे आने का न स्वागत करते है और न जाने की आलोचना करेगे। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए एसपी सिंह ने कहा ‘‘ इटावा के संदर्भ में कहना चाहूंगा कि मुलायम सिंह यादव यानी धरती पुत्र के घर में अखिलेश यादव नाम का टि्वटर पुत्र पैदा हो गया है इसलिए बिना सबूत के ट्वीट करते रहते हैं।’’ 

Desk Team