उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जेब में रखा मोबाइल फोन फटने से बड़ा हादसा हो गया। दनकौर के रहने वाले 26 साल के मोहम्मद माजिद पैंट की जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक धुआं छोड़ने लगा और थोड़ी ही देर बाद ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में युवक के दोनों हाथ झुलस गए और पैंट की जेब में मोबाइल रखने की वजह से शरीर के निचले हिस्से में भी गंभीर चोटें आई हैं। आइए इस मामले से समझते हैं कि आखिर मोबाइल की बैटरी क्यों ब्लास्ट होती है।
मोबाइल अचानक गर्म होकर हुआ ब्लास्ट
जानकारी के मुताबिक, माजिद ने ये फ़ोन करीब एक महीने पहले ही खरीदा था। वह सफर पर जा रहा था और हादसे के समय गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद था। उसकी जेब में मोबाइल रखा था, अचानक उसे महसूस हुआ कि मोबाइल गर्म हो रहा है। जितनी देर में वह कुछ समझ पाता और मोबाइल को बाहर निकलता, तब तक धमाका हो गया।
प्राइवेट पार्ट झुलसा
इस धमाके में माजिद के दोनों हाथ, शरीर का निचला हिस्सा और प्राइवेट पार्ट झुलस गया। स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका इलाज हुआ और अब उसे छुट्टी दे दी गई है।
क्या है मोबाइल की बैटरी फटने की वजह?

- थर्मल रनवे: यह बैटरी फटने का सबसे बड़ा कारण हो सकता है। जब बैटरी के अंदर का तापमान नियंत्रण से बाहर हो जाता है, तो अंदर की गैसें तेजी से फैलती हैं। अगर बैटरी का दबाव सहने वाला सेफ्टी वॉल्व फेल हो जाए, तो ब्लास्ट हो जाता है।
- ओवरहीटिंग: बिना रुके लंबे समय तक गेम खेलने या वीडियो रिकॉर्डिंग करने से प्रोसेसर और बैटरी पर लोड पड़ता है, जिससे वे बहुत गर्म हो जाते हैं। वहीं किसी गर्म जगह या धूप में फ़ोन रखने की वजह से भी ओवरहीटिंग होती है, जिससे बैटरी फट सकती है।
- लोकल केबल का इस्तेमाल: सस्ती और बिना सर्टिफाइड लोकल डेटा केबल या चार्जर इस्तेमाल करने से भी वोल्टेज में उतार-चढ़ाव होता है। इससे बैटरी शॉर्ट-सर्किट हो सकती है और उसमें आग लग सकती है।
- बैटरी में डैमेज: अगर फोन कई बार ऊंचाई से गिरा हो, जिससे बैटरी के अंदर डिफेक्ट आया हो। इस वजह से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है।
- बैटरी फूलना: अगर फोन की बैटरी फूल गई हो और फिर भी आप उसे लगातार इस्तेमाल कर रहे हो। फ़ोन का फूलना ये संकेत है कि अंदर गैस बन चुकी है और वह कभी भी फट सकती है।
- चार्जिंग में लापरवाही: कई लोग चार्जिंग करते हुए फोन चलाते है, गेम खेलते हैं या कॉलिंग करते हैं, तो बैटरी पर डबल लोड पड़ता है। कई बार लोग घंटों-घंटों तक फ़ोन को चार्जिंग पर छोड़ देते हैं, ये भी बड़ी वजह हो सकता है। क्योंकी पुराने स्मार्टफोन्स में ऑटो-कट फीचर नहीं होता।


Download Android App
Download iOS App




